वैश्विक मानव विकास रिपोर्ट (Global Human Development Report) का वर्ष 2015 का संस्करण संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (United Nations Development Programme – UNDP) द्वारा 14 दिसम्बर को जारी किया गया। इसमें भारत को 130वाँ स्थान प्रदान किया गया है तथा इस प्रकार वर्ष 2014 के 131वें स्थान के मुकाबले भारत की स्थिति में एक स्थान का सुधार आया है। इस रिपोर्ट में विश्व के 188 देशों को स्थान दिया गया है। भारत को वैश्विक मानव विकास रिपोर्ट 2015 में 0.609 अंक प्रदान किए गए तथा इस प्रकार भारत का स्कोर मध्यम मानव विकास समूह (medium human development group) के 0.630 अंक के औसत से काफी पीछे रहा। भारत का स्कोर जहाँ बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देशों से बेहतर रहा वहीं यह स्कोर नामीबिया, ग्वाटेमाला, ताजिकिस्तान और यहाँ तक की इराक जैसे देशों से भी कम रहा। हालांकि भारत का यह स्कोर दक्षिण एशिया के देशों के औसत 0.607 से कुछ ऊपर रहा। पर यदि लैंगिक विकास सूचकांक (Gender Development Index (GDI) की दृष्टि से देखा जाय तो भारत को हासिल 0.795 का स्कोर बांग्लादेश (0.917), नामीबिया, ग्वाटेमाला और ताजिकिस्तान जैसे देशों को हासिल स्कोर से भी कम रहा। उल्लेखनीय है कि 2015 की वैश्विक मानव विकास रिपोर्ट में नॉर्वे (Norway) को पहला स्थान हासिल हुआ है तथा इसके बाद क्रमश: ऑस्ट्रेलिया (Australia), स्विटज़रलैण्ड (Switzerland) और डेनमार्क (Denmark) का स्थान रहा।

No comments:
Post a Comment