14.7 अरब डॉलर मूल्य की इस परियोजना के तहत देश की वित्तीय राजधानी मुम्बई (Mumbai) को गुजरात के सर्वप्रमुख शहर अहमदाबाद (Ahmedabad) से जोड़ा जायेगा। जापान ने इस परियोजना की 80% लागत के लिए अपनी तरफ से सस्ती दर पर ऋण प्रदान करने का प्रस्ताव भी दिया था। जापान की अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (JICA) ने 505 किलोमीटर लम्बे मुम्बई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के लिए अपना अध्ययन जुलाई 2015 में सम्पन्न कर इसका प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेज दिया था। इसके तहत इस रूट पर सफर करने में वर्तमान सात घण्टे के बजाय बुलेट ट्रेन से मात्र दो घण्टे का समय लगेगा। केन्द्रीय कैबिनेट ने इस परियोजना को स्वीकृति जापानी प्रधानमंत्री शिंजो एबे (Shinzo Abe) की भारत यात्रा के ठीक एक दिन पूर्व कर जापान को देश में बुलेट ट्रेन तथा हाई स्पीड परियोजनाओं के क्षेत्र में बढ़त प्रदान कर दी है। उल्लेखनीय है कि चीन भी भारत में बुलेट ट्रेन तथा हाई स्पीड परियोजनाओं के क्षेत्र में काफी दिलचस्पी दिखा रहा है। वैसे जापान की इस परियोजना के सम्बन्ध में आधिकारिक घोषणा जापानी प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान की जायेगी।

No comments:
Post a Comment